27.7 C
New Delhi
March 2, 2026
धर्ममंदिर दर्शन

केदारनाथ : पौराणिक कहानी और यात्रा में ध्यान वाली 8 ज़रूरी बातें

kedarnath temple story and safety tips

भगवान भोलेनाथ का यह मंदिर तीन मायनों में खास है, एक तो यह कि केदारनाथ पंच केदारों में शामिल है और दूसरा यह पवित्र स्थान 12 ज्योतिर्लिंगों में भी शामिल है। वहीं तीसरा यह कि शिव भक्तों की चार धाम यात्रा का भी हिस्सा है। उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में स्थित यह धाम एक महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है। बता दें कि यह रुद्रप्रयाग जिले में मंदाकिनी नदी के निकट 11,755 फीट की ऊंचाई पर है। साल के करीब 6 महीने यानी सर्दियों के महीने में नवंबर से लेकर अप्रैल तक यह बंद रहता है। केदारनाथ के कपाट अक्षय तृतीया के दिन मई महीने में खुलते हैं। कई सालों से यहां तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़ी है और यह सब सोशल मीडिया का असर है। आज के इस लेख में हम आपको केदारनाथ धाम की पौराणिक कहानी के बारे में बताने जा रहे हैं।

केदारनाथ धाम की पौराणिक कहानी

केदारनाथ मंदिर को लेकर दो पौराणिक कहानियां प्रचलित हैं : नर नारायण की भक्ति से जुड़ी और पांडवों की पाप मुक्ति से जुड़ी। आइए जानते हैं दोनों ही कहानियां विस्तार से :

नर नारायण की भक्ति से जुड़ी केदारनाथ मंदिर की कहानी

यह पौराणिक कहानी शिव पुराण की कोटिरुद्र संहिता में मिलती है। प्राचीन काल में बदरीवन में निवास करने वाले नर और नारायण प्रतिदिन नियम से पार्थिव शिवलिंग का पूजन किया करते थे। जब उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव उनके सामने प्रकट हुए थे तो उन्होंने नर और नारायण से वरदान मांगने के लिए कहा। अब भक्त भी भला अपने प्रभु से क्या मांगता? नर नारायण ने भगवान से मांगा कि आप शिवलिंग के रूप में यहीं निवास करें ताकि हमारे जैसे शिवभक्त अपने दर्शन आसानी से कर सकें। तभी से भोलेनाथ शिवलिंग के रूप में यहां विराजमान हैं और इसी स्थान को केदारनाथ धाम के नाम से जाना जाता है।

पांडवों की पाप मुक्ति की कहानी

यह कहानी पंच केदारों की है जिसमें भगवान शिव का एक भाग यहां मौजूद है। महाभारत युद्ध की समाप्ति के बाद पांडव अपने ही भाइयों को मारने का पश्चाताप करने भगवान शिव की शरण में पहुंचे थे। हालांकि उनके कृत्य से भगवान बहुत नाराज़ थे तो वे भेष बदलकर और बैल का रूप धारण हिमालय क्षेत्र में चले गए। उनका पीछा करते-करते पांडव भी हिमालय क्षेत्र में पहुंचे। जब भीम ने बैल के उस दिव्य रूप को पहचान लिया तो उन्हें जोर से पकड़ा। यह देख भगवान शिव धरती में समाने लगे और इस तरह उनके शरीर के पांच हिस्से अलग-अलग स्थानों में चले गए। केदारनाथ में भगवान शिव के कूबड़ के दर्शन होते हैं।

केदारनाथ यात्रा के समय ध्यान रखी जाने वाली 8 महत्वपूर्ण बातें

  1. अगर आप केदारनाथ यात्रा का मन बना रहे हैं तो सबसे पहले डॉक्टर की सलाह लें। अपनी सेहत को देखते हुए इस यात्रा पर निकलें।
  2. गर्म कपड़े पर्याप्त रखें, क्योंकि वहां का मौसम सामान्य से अधिक ठंडा होता है। इन कपड़ों में गर्म कोट, गर्म जैकेट, जूते, गर्म सॉक्स, मफलर ज़रूर होने चाहिए।
  3. अब पहाड़ों पर जा रहे हैं तो अपने साथ कई तरह की दवाइयां डॉक्टर की सलाह पर रखें, जैसे – उल्टी और दस्त की दवा, ब्लिस्टर बैंडेज, पेनकिलर, सर्दी-खांसी की दवा आदि।
  4. सेफ्टी के लिए बाकी सामान में टॉर्च, पानी की बोतल, कपूर(जिन्हें सांस लेने में परेशानी हो), प्रोटीन बार, रेनकोट आदि।
  5. समूह में यात्रा करना सबसे सुरक्षित है, खासकर कि तब जब आप पहली या दूसरी बार जा रहे हों।
  6. सरकारी दिशा निर्देशों का पालन करने के साथ ही वहां गंदगी न फैलाएं और स्थानीय प्रशासन के कहे अनुसार कोई काम करें। पर्यावरण को सुरक्षित रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। सबसे जरूरी यात्रा से पहले पंजीकरण करवाना अनिवार्य है।
  7. अगर आप चलने में सक्षम हैं तो अपनी यह यात्रा पैदल ही पूरी करें, यकीन माने आपका यह आध्यात्मिक सफर यादगार बन जाएगा।
  8. चढ़ाई में जल्दबाजी न करते हुए अपनी क्षमता के अनुसार ही धीरे-धीरे चलें। ऐसा न करने पर आगे के सफर में आप अधिक थकान महसूस कर सकते हैं।

Related posts

भारत के वो 3 मंदिर जहां पीरियड्स के दौरान भी जा सकती हैं महिलाएं

Shweta Chauhan

Lord Hanuman Facts: हनुमान जी को दिया था श्री राम ने मृत्युदंड! जानें हनुमान जी से जुड़ी ऐसी 10 रोचक बातें

Shweta Chauhan

कल्पेश्वर मंदिर : यहां होती है भोलेनाथ की जटाओं की पूजा, जानें पौराणिक कहानी

Shweta Chauhan

1 comment

तुंगनाथ : जानें 3 पौराणिक कथाएं और यात्रा से जुड़ी अहम जानकारी - Janmat Junction September 21, 2025 at 1:55 PM

[…] मंदिर को पांडवों ने बनवाया था। जब महाभारत के युद्ध के पश्चात हत्याओं … उन्हें ढूंढते हुए पांडव भी वहां […]

Reply

Leave a Comment